फरीदाबाद | फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी में बीती रात चोरी की कई घटनाओं ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। चोरों ने एक ही रात में कई घरों के ताले तोड़े और लाखों रुपये की ज्वेलरी व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। दिलचस्प बात यह रही कि कुछ घरों में तो चोरों को खाली हाथ लौटना पड़ा क्योंकि वे लंबे समय से बंद पड़े थे।
पुलिस उस समय कावड़ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त थी, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दे डाला।
पीड़ित महिला सोनिया शर्मा, जो कॉलोनी में ही क्लिनिक चलाती हैं, ने बताया कि उनके पति गांव गए हुए थे और वह खुद भी रात को मायके चली गई थीं। सुबह क्लिनिक पहुंचने पर उन्हें कॉल आया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जब वह पहुंचीं तो घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था। सूचना देने पर डायल 112 मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़िता ने आरोप लगाया कि इससे पहले क्लिनिक में हुई चोरी का भी आज तक कोई सुराग नहीं लगा।
इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं। वहीं, डायल 112 की टीम ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित थाने को सौंप दी गई है और जांच जारी है।







