यमुनानगर (अंकुर कपूर): यमुनानगर के छछरौली के नेशनल हाईवे 907 पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बता दें कि हादसे में पिकअप और ट्रक की जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें दर्जनभर लोग जख्मी हो गए। मीडिया सूत्रों के अनुसार घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती करवाया गया है, जिनमें से एक की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय मानकपुर की तरफ से अशोक लीलैंड के पिकअप में दर्जन भर लोग अपने गांव श्यामपुर और मछरौली की तरफ लौट रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ से आ रहे एक ट्रक के साथ टक्कर हो गई। इस दौरान पिकअप में सवार करीब 13 लोग थे जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ तब तेज धमाके जैसी आवाज आई।

उन्होंने देखा कि पिकअप के परखच्चे उड़े हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही छछरौली पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ड्राइवर मौके से फरार हो गया है।







