यमुनानगर | जिले के कोट कलसिया सरकारी स्कूल की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। बारिश के बाद स्कूल परिसर में पानी भरने से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्कूल की छतें टपक रही हैं और कई कक्षाओं में पढ़ाई संभव नहीं है, जिससे अध्यापकों को बच्चों को बरामदे में बैठाकर पढ़ाना पड़ रहा है।
स्थिति इतनी खराब है कि कई बच्चे स्कूल पहुंचने के बाद जलभराव देखकर वापस लौट गए। स्कूल की छात्राओं वंशिका और तेजस्वी ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि कई वर्षों से जारी है। बारिश होने पर स्कूल परिसर में पानी भर जाता है, जिससे कपड़े और बैग भीग जाते हैं। यहां तक कि स्मार्ट बोर्ड तक पानी की चपेट में आ चुके हैं, जिससे तकनीकी संसाधन भी नुकसान में हैं।
स्कूल के प्रिंसिपल बलबीर ने बताया कि स्कूल के पास बनी पुलिया के जाम होने के कारण ऊपरी गांव का पानी सीधे स्कूल में घुस आता है। 600 बच्चों वाले इस स्कूल में आज जलभराव के कारण करीब 300 छात्र घर लौट गए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर कई बार गांव के सरपंच से बात की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग की अनदेखी के चलते बच्चों की शिक्षा पर गंभीर असर पड़ रहा है, जिससे अभिभावकों में भी नाराजगी है।







