अंबाला (अंकुर कपूर): हरियाणा के लिए आज का दिन दुर्घटनाओं भरा रहा। सुबह होते-होते दर्जनों घरों में चीख-पुकार गूंजने लगी। इस भीषण हादसे में न जाने कितने घरों के चिराग बुझ गए। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं शामिल रहीं।अकेले हरियाणा के 3 जिलों में करीब दो दर्जन लोगों की इन सड़क हादसों में मौत हो गई और ना जाने कितने लोग घायल हुए।
बस व ट्राले की टक्कर में 8 लोगों की मौत
अंबाला जिले के शहजादपुर में सड़क पर खड़े ट्राले में बस की टक्कर हो गई। दोनों की टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहनों के परखच्चे तक उड़ गए। जिससे 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा हादसा पानीपत में हुआ। जहां चुलकाना धाम से बाबा श्याम के दर्शन कर वापिस जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर ट्रक से हो गई। इस हादसे में 3 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, वहीं 15 से अधिक लोग घायल हो गए। फिलहाल इस मामले में ट्रक चालक था अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
पलवल से फरीदाबाद घूमने आए आधा दर्जन युवाओं की सड़क हादसे में मौत
पलवल के जवाहर नगर कैंप में उस समय कोहराम मच गया जब पलवल से फरीदाबाद घूमने गए आधा दर्जन युवाओं की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा फरीदाबाद गुरुग्राम मुख्य मार्ग पर देर रात हुआ। हादसा इतना दर्दनाक था कि गाड़ी में बैठे हुए छह के छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।







