चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम ने करवट ली है और आने वाले दिनों में कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 11 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट वाले जिलों में पलवल, नूंह, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, चरखी दादरी, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर शामिल हैं।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि बीते चार दिनों से उत्तर की ओर बनी मानसून ट्रफ के चलते दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसका असर अब प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है।
डॉ. खीचड़ के अनुसार, इस मानसून सीजन में अब तक हरियाणा में औसतन 148.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 99.5 मिमी का होता है। यानी इस बार 50% ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है। शुक्रवार को फरीदाबाद, नारनौल, सोनीपत और झज्जर में हल्की बारिश हुई।
तापमान की बात करें तो शुक्रवार को अधिकतम तापमान में औसतन 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। हालांकि, सिरसा इस दिन भी सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।







