हरियाणा | हरियाणा में कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET-2025) की परीक्षा तारीखों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी से चर्चा के बाद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) जल्द ही आधिकारिक रूप से 26 और 27 जुलाई को परीक्षा आयोजित करने की घोषणा कर सकता है। ये दोनों दिन शनिवार और रविवार को पड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द ही इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
13.47 लाख कैंडिडेट्स देंगे परीक्षा, केंद्रों की संख्या घटाई गई
इस बार CET ग्रुप-C की परीक्षा के लिए राज्यभर से 13.47 लाख अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पहले प्रदेशभर में लगभग 1,350 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से इनमें से 334 केंद्र हटाए गए हैं।
चार शिफ्टों में होगी परीक्षा, हर जिले में होंगे नोडल अफसर
CET 2025 को दो दिन और चार शिफ्टों में आयोजित किया जाएगा। हर शिफ्ट में करीब 4.73 लाख परीक्षार्थी शामिल हो सकेंगे। परीक्षा की सुचारु व्यवस्था के लिए हर जिले में दो नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे, जो परीक्षा संचालन और सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।
13,000 सुरक्षाकर्मी तैनात, CCTV से होगी निगरानी
परीक्षा के दौरान करीब 13,000 पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर कम से कम 10 सुरक्षा जवान मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके।
10 किलोमीटर के भीतर होंगे परीक्षा केंद्र
राज्य सरकार ने निर्देश दिया है कि परीक्षार्थियों को दूर-दराज न जाना पड़े, इसलिए परीक्षा केंद्र अभ्यर्थियों के निवास स्थान से अधिकतम 10 किलोमीटर के भीतर बनाए जाएं। इसके लिए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने 19 जून को सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश जारी किए थे।
सभी केंद्रों पर होंगी आवश्यक सुविधाएं
मुख्य सचिव की ओर से जारी गाइडलाइंस के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को अनिवार्य किया गया है। केवल उन्हीं स्कूलों और कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां सुरक्षित चारदीवारी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी खास ध्यान रखा गया है ताकि केंद्रों के आसपास जाम जैसी स्थिति न बने।







