हरियाणा | हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का पॉपुलर ट्रैक ‘राजी बोल जा’, जो शादियों और सोशल मीडिया पर जबरदस्त हिट रहा, अब विवादों में आ गया है। इसी गाने से पहचान बनाने वाली 25 वर्षीय एक्ट्रेस ने अभिनेता उत्तर कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक्ट्रेस का दावा है कि उत्तर ने शादी और फिल्मों में ब्रेक दिलाने का वादा कर उनके साथ तीन साल तक शारीरिक और मानसिक शोषण किया।
क्या कहा है अभिनेत्री ने?
गाजियाबाद पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि गाने की शूटिंग के दौरान उत्तर कुमार ने उन्हें फिल्मों में बड़ा रोल और शादी का भरोसा दिलाया। इसी भरोसे पर उन्होंने बार-बार फार्म हाउस और निजी ऑफिस में बुलाकर उनके साथ संबंध बनाए। जब अभिनेत्री ने इस रिश्ते और वादों पर सवाल उठाया तो उन्हें जातिगत गालियां दी गईं और करियर खत्म करने की धमकी दी गई।
सबूत भी सौंपे, पीड़िता का दावा
अभिनेत्री ने दावा किया है कि उसके पास डिजिटल सबूत और चैट्स मौजूद हैं, जो उसने पुलिस को सौंप दिए हैं। उनका आरोप है कि जब वे इंडस्ट्री में नई थीं, तब उत्तर कुमार ने उनका भरोसा जीतकर उनका शोषण किया और उन्हें तीन साल तक दबाव में रखा।
पुलिस ने जांच शुरू की
एसीपी अतुल कुमार सिंह (शालीमार गार्डन, गाजियाबाद) ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता द्वारा दिए गए डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। सबूतों की पुष्टि के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर कुमार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं
उत्तर कुमार की तरफ से फिलहाल कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, मामला सामने आने के बाद हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मच गई है। उत्तर कुमार को देहाती शैली की फिल्मों में एक बड़ा नाम माना जाता है, और ऐसे आरोपों से उनकी छवि को बड़ा झटका लग सकता है।
इंडस्ट्री में शोषण का एक और मामला
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि पर्दे के पीछे फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में नए कलाकारों को किस तरह के दबाव और शोषण का सामना करना पड़ता है। करियर और शादी का सपना दिखाकर भावनात्मक और शारीरिक शोषण की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं।







