फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना कस्बे में एक युवक की संदिग्ध हालात में हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव गोरखपुर गांव के पास स्थित सिद्धमुख नहर से बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रथम दृष्टया हत्या की वजह युवक के एक विवाहित महिला से संबंधों को बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 19 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है, जो हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र के काबरेल गांव का निवासी था। अंकित पेशे से पेंटर था और अक्सर अपने ननिहाल भूना आया करता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि भूना में उसकी एक विवाहित महिला से नजदीकियां थीं, जिसके दो बच्चे हैं और वह इस समय गर्भवती भी है।
परिजनों के अनुसार, अंकित 9 जून को भूना गया था और तभी से लापता था। पुलिस को आशंका है कि महिला के पति ने युवक की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया।
भूना थाना प्रभारी सुरेंद्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है और मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उसी आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







