पानीपत। पानीपत के मतलौडा थाना क्षेत्र के वैसर गांव में देर रात एक युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सतीश के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद और प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सतीश रात करीब 12 बजे गांव निवासी विकास के घर गया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर विकास ने सतीश का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। इसी बीच आरोपी विकास ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि उसने सतीश की हत्या कर दी है और शव उसके घर में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही मतलौडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और मामले की जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।







