चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) 2025 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब उम्मीदवार 14 जून रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही, फीस जमा करने की अंतिम तिथि 16 जून शाम 6 बजे निर्धारित की गई है। पहले यह आज अंतिम दिन था।
चेयरमैन बोले- फर्जी पेज बना रहे हैं लोग, FIR दर्ज
HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि CET को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने खुलासा किया कि अब तक 50 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया पेज बनाए जा चुके हैं, जिन पर आयोग ने एफआईआर दर्ज करवा दी है। उन्होंने साफ किया कि HSSC का सोशल मीडिया पर कोई आधिकारिक पेज नहीं है।
हर मिनट 78 से ज्यादा आवेदन
CET रजिस्ट्रेशन को लेकर आंकड़े साझा करते हुए हिम्मत सिंह ने बताया कि परीक्षा के प्रति अभ्यर्थियों में खासा उत्साह है।
- 10 जून को कुल 1,08,013 आवेदन प्राप्त हुए।
- 11 जून को यह आंकड़ा 1,62,472 तक पहुंच गया।
- 12 जून की रात 12:00 से 12:01 के बीच 78 आवेदन दर्ज हुए, यानी प्रति मिनट 78 से अधिक।
चेयरमैन ने कहा कि ये आंकड़े यह साबित करते हैं कि CET रजिस्ट्रेशन पोर्टल बिल्कुल ठीक काम कर रहा है और इससे जुड़ी अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है।







