पलवल,सुंदर कुंडू-:अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर पलवल में ‘तरुण हुंकार–नव भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और महर्षि दयानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी,शिक्षाविद और परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेणु भाटिया ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्थापना, उसके उद्देश्यों और राष्ट्र निर्माण में संगठन की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एबीवीपी देश का ऐसा छात्र संगठन है, जिसमें सबसे अधिक युवा जुड़ते हैं और यही युवा भविष्य में देश और समाज की दिशा तय करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों को भी निभाने का आह्वान किया।रेणु भाटिया ने कहा कि विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में रहकर राष्ट्र सेवा कर सकते हैं। यदि युवाओं में सकारात्मक सोच, अनुशासन और सेवा की भावना हो तो वे समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ राष्ट्रहित को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।महिलाओं के अधिकारों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि महिला आयोग लगातार बेटियों और महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और बदलते समय के अनुसार स्वयं को सशक्त बनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और भारतीय संस्कारों का पालन भी उतना ही आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।







