पानीपत | शहर के न्यू मॉडल टाउन इलाके में बीती रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सुबह स्थानीय लोगों ने तीन अलग-अलग मकानों पर गोलियों के निशान और खोल देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच में यह सामने आया है कि फायरिंग एक ही दिशा से की गई है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई सबूत इकट्ठा किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए कई टीमें अलग-अलग एंगल पर जांच में जुटा दी हैं।
तीन मकानों पर मिले गोली के निशान
जांच में सामने आया कि एक खाली प्लॉट में खड़ी कुलदीप नामक व्यक्ति की कार को गोली लगी, जिससे उसका शीशा टूट गया। इसके अलावा प्रवीन के घर की खिड़कियों के शीशे भी चकनाचूर मिले, और अवतार के मकान की छत पर रखी पानी की टंकी में भी गोली लगी थी। पुलिस ने तीनों जगहों से बुलेट और कारतूस के खोल बरामद किए हैं।
होमगार्ड ट्रेनिंग की बंदूक की निकली गोलियां
फॉरेंसिक जांच में पता चला कि गोलीबारी में इस्तेमाल की गई गोलियां आमतौर पर होमगार्ड की ट्रेनिंग में इस्तेमाल होने वाली बंदूक से चली हैं। जब पुलिस ने गोली चलने की दिशा की पड़ताल की, तो पास के एक मकान की छत से सभी गोलियां फायर होने का शक पुख्ता हो गया।
लिव-इन कपल की बढ़ी मुश्किलें
जिस मकान की छत से फायरिंग का संदेह है, वह एक महिला लीलावती की है, जो खुद वहां नहीं रहती और मकान किराए पर दिया गया है। मकान में 8 लोग — 4 युवक और 4 युवतियां — बतौर कपल लिव-इन में रह रहे हैं। पूछताछ के दौरान सभी के बयान मेल नहीं खा रहे हैं, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया है। फिलहाल चारों कपल से गहन पूछताछ की जा रही है।







