हिसार। हरियाणा में मौसम ने तेजी से करवट ली है और मार्च की शुरुआत में ही तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिन में लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है, हालांकि सुबह के समय हल्की ठंडक अभी भी बनी हुई है।
मौसम में आए इस बदलाव से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। समय से पहले तापमान बढ़ने का असर गेहूं की फसल पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो फसल की पैदावार प्रभावित हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। अंबाला में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस अवधि में सबसे अधिक रहा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार इन दिनों हवा की दिशा पश्चिमी बनी हुई है और हवा की गति लगभग 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसके चलते अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 8 से 10 मार्च के बीच हरियाणा के पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं 8 और 11 मार्च को दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण आंशिक बादल छाने और उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है।







