गोहाना | हरियाणा में विधानसभा चुनाव के कई महीने बीतने के बावजूद अब तक नेता प्रतिपक्ष का चयन नहीं हो पाया है। हाल ही में कांग्रेस संगठन के विस्तार और अंदरूनी मतभेदों को सुलझाने के लिए चंडीगढ़ में बैठक आयोजित की गई, जिसमें राहुल गांधी भी मौजूद रहे। इसी संदर्भ में बरोदा से कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने भाजपा और राज्य की मौजूदा स्थिति को लेकर तीखा हमला बोला है।
इंदुराज नरवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने देश और प्रदेश की स्थिति बद से बदतर कर दी है। दो करोड़ नौकरियों का जो वादा किया गया था, वह आज तक अधूरा है। बेरोजगारी के कारण युवा अपराध की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि 15 लाख रुपये देने का वादा और स्मार्ट सिटी की बात आखिर कहां चली गई? बेरोजगार युवा आज दर-दर की ठोकरें खा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाया और 36 बिरादरियों के भाईचारे को तोड़ने का काम किया है।
“भूपेंद्र हुड्डा ही रहेंगे नेता प्रतिपक्ष”
नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर इंदुराज नरवाल ने कहा कि हमें नया नेता प्रतिपक्ष चुनने की कोई आवश्यकता नहीं है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले भी नेता प्रतिपक्ष थे और आगे भी वही रहेंगे। उन्होंने कहा कि हुड्डा को जनता का समर्थन प्राप्त है और वे सभी 36 बिरादरियों के सच्चे प्रतिनिधि हैं।
भाजपा के पन्ना प्रमुखों पर कसा तंज
भाजपा द्वारा कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक पर सवाल उठाए जाने को लेकर भी नरवाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना मजबूत संगठन के भी लोकसभा में 5 और विधानसभा में 37 सीटें जीतने में सफल रही। उन्होंने दावा किया कि अब कांग्रेस संगठन को नए सिरे से खड़ा किया जा रहा है, जिसमें युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। राहुल गांधी ने पदाधिकारियों की उम्र सीमा तय कर युवाओं को मौका देने का रास्ता साफ किया है। भाजपा के ‘पन्ना प्रमुख’ मॉडल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ये पन्ना प्रमुख लोकसभा और विधानसभा चुनाव के समय कहां थे?







