रोहतक 05 अगस्त : आम आदमी पार्टी के बदलेगा हरियाणा का हाल कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी पर जमकर कटाक्ष किए हैं। उन्होंने अग्नि वीर योजना को लेकर मौजूदा केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार सेना को ठेके पर रखना चाहती है और इसे लेकर अपनी पीठ थपथपाने का काम कर रहे हैं। यही नहीं उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि जिसे क्रिकेट के बारे में कोई जानकारी नहीं उसे तो बीसीसीआई का सचिव बनाया गया है, जबकि एक किसान के बेटे को महज 4 साल के लिए नौकरी दी जा रही है। यह बर्दाश्त से बाहर है और आने वाले हरियाणा के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब जनता जरूर देगी।
एस वाई एल के पानी को लेकर पंजाब सरकार का किया बचाव
सांसद संजय सिंह एस वाई एल के पानी को लेकर पंजाब सरकार का बचाव करते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था,जब केंद्र और दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार थी तथा केंद्र और दोनों राज्यों में कांग्रेस की भी सरकार रही, लेकिन उस समय एसवाईएल के पानी को लेकर कोई कदम नहीं उठाएं गए। अब मामला सुप्रीम कोर्ट में है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता कांग्रेस बीजेपी और इनेलो की सरकारी देख चुके है। लेकिन किसी ने भी जनता के हित में काम नहीं किया। इसलिए अब जनता ने मन बना लिया है कि आम आदमी पार्टी को मौका दिया जाना चाहिए, ताकि केजरीवाल द्वारा किए जा रहे जनहित के काम हरियाणा में भी लागू हो सके।







