गुड़गांव | फर्रूखनगर क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां महज दो हजार रुपये के विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नरेंद्र उर्फ तोता (24) के रूप में हुई है, जो पिछले एक महीने से श्री श्याम पीजी, जाट कॉलोनी, फर्रूखनगर में केयरटेकर की नौकरी कर रहा था।
सूचना मिलते ही फर्रूखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों — राहुल उर्फ पपलु (20), सूरज (23) और बिट्टू उर्फ कमांडो (31) — को दिल्ली-झज्जर बाइपास रोड से गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी क्रमशः हिसार और मेरठ के रहने वाले हैं।
पैसों के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा, पहुंचा हत्या तक
पुलिस के अनुसार, 5 जून को कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक युवक का शव श्री श्याम पीजी के रूम नंबर 4 में पड़ा है। मृतक के भाई ने बताया कि 3 जून को नरेंद्र का तीनों आरोपियों के साथ रुपये के लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ था। नरेंद्र ने उन्हें 5 हजार रुपये में कमरा दिलाया था, लेकिन उन्होंने सिर्फ 3 हजार रुपये चुकाए थे। बकाया दो हजार रुपये को लेकर मृतक लगातार उन्हें कह रहा था, जिससे आरोपी नाराज थे।
4/5 जून की रात को सभी आरोपी नरेंद्र के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोबारा रुपये को लेकर बहस हुई, जो हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर राहुल और बिट्टू ने नरेंद्र का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी, जबकि सूरज भी मौके पर मौजूद था और वारदात में शामिल रहा।
पुलिस जांच जारी, आरोपियों से पूछताछ में जुटी टीम
फर्रूखनगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि हत्या के पीछे की गहराई से जांच की जा सके और अन्य संभावित पहलुओं का पता लगाया जा सके।







