हिसार | जमीन के विवाद में दो भाइयों के बीच बहस हिंसक हो गई। मंगलवार सुबह छोटे भाई ने अपने बड़े भाई और भाभी पर फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
शिकायतकर्ता राममेहर ने बताया कि उनका और उनके भाई प्रह्लाद सिंह का जमीन को लेकर विवाद था। करीब पांच दिन पहले दोनों ने आपसी सहमति से जमीन को बांटने का समझौता किया था।
मंगलवार सुबह राममेहर और उनका बेटा शिवम ट्रैक्टर लेकर खेत में काम कर रहे थे, तभी प्रह्लाद बंदूक लेकर खेत में आए और गाली–गलौज करने के साथ उनके ऊपर फायरिंग कर दी। आरोप है कि प्रह्लाद ने पहले बंदूक की बट से हमला किया और फिर जान से मारने की नियत से गोली चली।
इस हमले में राममेहर, उनकी पत्नी सुनीता और बेटा शिवम घायल हुए। उन्होंने तुरंत 112 पर कॉल की, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने प्रह्लाद, उसके बेटे परमजीत और पत्नी दर्शना के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तारी अभी बाकी है।







