गुड़गांव | दिल्ली–जयपुर एक्सप्रेसवे पर दो बाइक चालकों के बीच मामूली टक्कर के बाद हुई बहस खूनी झगड़े में बदल गई। इस विवाद में एक बाइक सवार घायल हो गया। घटना के दौरान एक्सप्रेसवे पर रुकावट और भीड़ इकट्ठी हो गई, जिससे लंबा जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुड़गांव से दिल्ली की ओर जा रहे दो बाइक सवारों में टक्कर हुई। हालांकि टक्कर मामूली थी, लेकिन इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। दोनों चालकों ने एक–दूसरे पर हेलमेट से वार किए और कपड़े फाड़े। बीच बचाव करने के कई प्रयास हुए, लेकिन तब तक झगड़ा लगभग आधे घंटे तक चलता रहा। अंततः एक महिला ने बीच–बचाव कर मामला शांत कराया।
इस झगड़े में एक बाइक सवार के सिर में चोट आई और उसका सिर खून से लथपथ हो गया।घटना का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे यह मामला और चर्चा में आ गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।







