सोनीपत | सोनीपत जिले के गांव असदपुर के पास यमुना नदी में रेत खनन कर रही जेलकोवा बिल्डकान प्राइवेट लिमिटेड पर नियमों के उल्लंघन और नदी की धारा मोड़ने के आरोपों की जांच के लिए उपायुक्त द्वारा गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
जांच टीम ने एक घंटे से अधिक समय तक खनन स्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। टीम में एसडीएम सुभाष चंद्र, खनन अधिकारी अनिल कुमार, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता आशीष कौशिक, प्रदूषण नियंत्रण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी और मिमारपुर स्थित हरियाणा स्टेट इनफोर्समेंट ब्यूरो के थाना प्रभारी जान मोहम्मद सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
जांच के दौरान टीम ने यमुना की धार मोड़े जाने, बिना पिलर के अवैध खनन, और अवैध रास्तों के निर्माण जैसे गंभीर आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य एकत्र किए। निरीक्षण के बाद टीम ने बताया कि रिपोर्ट जल्द उपायुक्त को सौंपी जाएगी।
इससे पहले सिंचाई विभाग द्वारा की गई जांच में कंपनी पर भारी मशीनों से खनन करने और नदी की धारा प्रभावित करने के आरोप लगाए गए थे। विभाग की रिपोर्ट के आधार पर वाटर सर्विसेज के एसडीओ ने हरियाणा स्टेट इनफोर्समेंट ब्यूरो के मिमारपुर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।
अब पुलिस विभाग भी इस मामले की जांच में जुट गया है। पुलिस टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है और कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







