चंडीगढ़ | हरियाणा का मौसम पूरी तरह बदल गया है। राज्य के कई हिस्सों में हुई ओलावृष्टि, तेज हवाओं और गरज-चमक के बाद अब ठंड और तेज होने वाली है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलने से न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे ठंड और अधिक बढ़ेगी और सुबह-शाम घरों और बाजारों में ठंड का असर महसूस होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 जनवरी को भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में शीतलहर और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। 31 जनवरी को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 1 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते फिर से बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश की संभावना भी है।
अधिकतम तापमान में गिरावट के संकेत
राज्य में औसत अधिकतम तापमान में 2.1°C की गिरावट दर्ज की गई है। औसत तापमान सामान्य से 3.7°C नीचे रहा, जिससे दिन में भी ठंड महसूस की गई। हिसार में तापमान 19.3°C, गुरुग्राम में 15.7°C, रोहतक में 17.9°C और नारनौल में 13.8°C रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों ने जनता से सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और सुबह-शाम वाहन चलाते समय विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है।







