अंबाला | हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (HSGMC) के नए अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा मंगलवार को अंबाला पहुंचे। इस अवसर पर सिख समाज ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। झींडा ने मीडिया से बातचीत में अपने कार्यकाल की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि कमेटी शिक्षा, स्वास्थ्य और धर्म प्रचार पर विशेष ध्यान देगी।
उन्होंने कहा कि वह गुरु घरों पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए ठोस कदम उठाएंगे और मिरी-पिरी कॉलेज को केंद्र सरकार से मान्यता दिलाने के प्रयासों को भी तेज करेंगे।
झींडा ने HSGMC में चल रही आंतरिक खींचतान पर भी टिप्पणी की और कहा कि अलग-अलग गुटों के मतभेदों को दरकिनार करते हुए सिख समाज की एकता और गुरु परंपराओं की मर्यादा बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
झींडा ने स्पष्ट किया कि कमेटी जनहित और धार्मिक मूल्यों को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और समाज की भलाई के लिए हरसंभव कार्य किए जाएंगे।







