चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के विशेष प्रचार अधिकारी (OSD) गजेंद्र फोगाट बीते सात महीनों से बिना सेवा विस्तार के पद पर कार्यरत हैं। आरटीआई एक्टिविस्ट पीपी कपूर द्वारा सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी में यह बड़ा खुलासा हुआ है। बताया गया है कि फोगाट का कार्यकाल 4 अक्टूबर 2024 को समाप्त हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद वह अभी भी सीएम के OSD के तौर पर कार्यरत हैं और सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।
पीपी कपूर ने इस मुद्दे को उठाते हुए फोगाट को अवैध नियुक्ति करार दिया है और मुख्यमंत्री से मांग की है कि उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए। कपूर के मुताबिक, फोगाट को हर महीने करीब एक लाख रुपये वेतन, 40 हजार रुपये कोठी का किराया और गाड़ी का 50 हजार किलोमीटर तक किराया दिया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य सरकारी भत्ते और टीए/डीए की सुविधा भी मिल रही है।
गौरतलब है कि गजेंद्र फोगाट को पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक अक्टूबर 2021 को एक साल की अवधि के लिए OSD (स्पेशल पब्लिसिटी) नियुक्त किया था। इसके बाद लगातार सेवा विस्तार मिलते रहे, लेकिन 4 अक्टूबर 2024 के बाद से अब तक कोई सेवा विस्तार नहीं दिया गया है। नई सरकार बनने के बाद से किसी भी चेयरमैन या विशेष पदाधिकारी को दोबारा सेवा विस्तार नहीं मिला है।
सूचना, लोक संपर्क एवं भाषा विभाग के आरटीआई जवाब में यह स्पष्ट किया गया है कि सेवा विस्तार न होने के बावजूद गजेंद्र फोगाट OSD पद पर कार्य कर रहे हैं, जो नियमों का उल्लंघन है। कपूर ने यह भी मांग की है कि फोगाट से अब तक मिला सारा वेतन, आवास और वाहन खर्च की रिकवरी की जाए।







