फरीदाबाद | सेक्टर-81 स्थित पुरी हाई स्ट्रीट में एक स्पा सेंटर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब करीब 8 से 10 युवकों ने स्पा में काम करने वाली युवतियों से जमकर मारपीट कर दी। हमलावर युवक शराब के नशे में थे और पहले स्पा सेंटर के बाहर खड़े होकर महिलाओं को गालियां दे रहे थे। जब युवतियों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने थप्पड़ मारे और जमीन पर गिराकर लात-घूंसे से हमला कर दिया। मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्पा सेंटर की संचालिका ममता राजपूत ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 3 बजे दो युवक मसाज के लिए स्पा पहुंचे थे। उनमें से एक ने काफी शराब पी रखी थी और वह अंदर ही युवती से अभद्र व्यवहार करने लगा। जब बात बढ़ी तो स्टाफ ने दोनों को बाहर निकाल दिया। इसके बाद युवक गालियां देते हुए बाहर चला गया और कुछ देर में अपने साथियों के साथ लौट आया। फिर उन्होंने युवतियों पर हमला कर दिया।
पुलिस का बयान:
बीपीटीपी थाना पुलिस अधिकारी अरविंद के अनुसार, अब तक किसी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। जल्द ही सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







