गुड़गांव | सड़कों पर बेसहारा घूम रही गायों को हटवाना बजरंग दल के जिलाध्यक्ष आशीष शर्मा को भारी पड़ गया। शुक्रवार को करीब एक दर्जन लोगों ने उनके कार्यालय में घुसकर उन पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आशीष को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले की पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसकी फुटेज पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर ली है।
नगर निगम अभियान में दे रहे थे सहयोग
जानकारी के मुताबिक, आशीष शर्मा बेसहारा गायों को सड़कों से हटवाने के अभियान में नगर निगम की टीम का सहयोग कर रहे थे। शुक्रवार को बादशाहपुर क्षेत्र में जब निगम की टीम सड़कों पर घूम रही गायों को पकड़ रही थी, तब आशीष भी उनके साथ मौजूद थे। इस अभियान से नाराज कुछ लोगों ने शाम को उनके कार्यालय में घुसकर उन पर बेरहमी से हमला कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज बना सबूत
हमले की तस्वीरें कार्यालय के सीसीटीवी में स्पष्ट रूप से कैद हुई हैं, जिनमें हमलावरों को लाठियों से हमला करते देखा जा सकता है। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पहले भी मिली थी धमकी
पीड़ित आशीष शर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह गाय पकड़वाने के दौरान भी उन पर हमला करने की कोशिश की गई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने बादशाहपुर थाने में दी थी। उनका कहना है कि क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से पशु डेयरियां चला रहे हैं, और वही लोग इस अभियान से नाराज थे।
बजरंग दल ने जताई नाराजगी, पुलिस पर उठाए सवाल
हमले की घटना पर राष्ट्रीय बजरंग दल के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस हमले की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि सुबह की शिकायत पर समय रहते कार्रवाई की जाती, तो शाम को हमला नहीं होता।
पीड़ित की ओर से दो मौनू, एक नवीन समेत कुल आठ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं आशीष शर्मा का अस्पताल में उपचार जारी है।







