पलवल | दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे-19 पर होडल के पास उस समय दिल दहला देने वाला हादसा हो गया जब एक बाइक सवार युवक की गर्दन में चाइनीज मांझा उलझ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा इंडियन गैस एजेंसी के पास हुआ।
मृतक की पहचान 18 वर्षीय मोनू निवासी फलेदा, गौतम बुद्ध नगर (ग्रेटर नोएडा, यूपी) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी पायल के साथ शादी के छह महीने बाद वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन के लिए बाइक से जा रहा था।
थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि रास्ते में उड़ती पतंग का चाइनीज मांझा मोनू की गर्दन में लिपट गया जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। उसकी पत्नी पायल भी मांझे की चपेट में आकर घायल हो गई। आसपास के लोग घायल दंपति को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया।
शादी के छह महीने बाद उजड़ा घर
मोनू अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था और छांयसा गांव की एक फैक्ट्री में काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था। हादसे के बाद उसकी पत्नी पायल का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल में वह बेहोश हो गई और बिलखते हुए कहती रही – “भगवान, हाथ की मेहंदी भी नहीं सूखी थी कि सिंदूर उजड़ गया… अब मैं उसकी बहनों को क्या मुंह दिखाऊंगी।”
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि चाइनीज मांझे के कारण यह हादसा हुआ है। जल्द ही इसकी बिक्री पर रोक के लिए जिला उपायुक्त व उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।







