हरियाणा | हरियाणा में गर्मी और बारिश का खेल जारी है। दिन में तेज धूप से लोग परेशान हैं, वहीं रात को अचानक आंधी और बारिश से कुछ राहत मिलती है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और हरियाणा के कई जिलों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है।
बीते दिनों हुई बारिश ने प्रदेश में तापमान को कुछ हद तक कम किया था, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार 26 मई से फिर से मौसम करवट लेने वाला है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में तेज धूप का असर रहेगा और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन गर्मी से राहत कम ही मिलेगी।
मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। बताया गया है कि इस दौरान कहीं हल्की बारिश तो कहीं तेज गर्मी बनी रहेगी। 29 मई के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हो सकती है और तापमान में गिरावट आ सकती है।
राज्य में बीते रविवार को तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया था, जो इस बार की गर्मी में एक बड़ी राहत थी। फिलहाल मौसम विभाग की नजर अगले कुछ दिनों की हलचल पर बनी हुई है।







