यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर शहर में सोमवार सुबह उस समय दहशत फैल गई जब एक बाइक सवार युवक ने गोविंदपुरी रोड पर स्थित शराब के ठेके पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। चश्मदीदों के अनुसार हमलावर ने करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे ठेके पर लगे शीशे और शराब की बोतलें चकनाचूर हो गईं।
फायरिंग की यह घटना उस वक्त हुई जब अधिकतर दुकानें और शोरूम बंद थे। यह ठेका एक भीड़भाड़ वाले मार्ग पर स्थित है, जहां आसपास कई होटल, दुकानें और शोरूम मौजूद हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भय का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी व टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। डीएसपी कंवलजीत ने बताया कि गोलीबारी करने वाला व्यक्ति मुंह ढके हुए था और मौके पर एक पर्ची फेंक कर फरार हो गया। शुरुआती जांच में यह मामला रंगदारी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही हमलावरों को पकड़ने की उम्मीद है।







