Home Business/Education हरियाणा में ग्रुप D के 7,000 पदों पर भर्ती की तैयारी, CET...

हरियाणा में ग्रुप D के 7,000 पदों पर भर्ती की तैयारी, CET से पहले प्रक्रिया पूरी होने की संभावना

287
0

चंडीगढ़|  हरियाणा में ग्रुप D के लगभग 7,000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) इस भर्ती को अंजाम देगा और सूत्रों के मुताबिक, संभावना है कि यह प्रक्रिया कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) से पहले ही पूरी कर ली जाएगी।

आयोग से जुड़े सूत्रों ने जानकारी दी है कि ग्रुप D के पदों से संबंधित संपूर्ण डेटा पहले से ही आयोग के पास मौजूद है, और प्रक्रिया को शीघ्र अंतिम रूप दिया जा सकता है। साथ ही यह भी बताया गया है कि आयोग 6,800 अन्य विभिन्न पदों को रद्द (विड्रॉ) करने की योजना पर विचार कर रहा है, जिनमें करीब 5,600 पद पुलिस कांस्टेबल के हो सकते हैं।

CET के लिए तैयारी तेज, पोर्टल जल्द खुलने की उम्मीद

HSSC ने पहले ही युवाओं से अपने दस्तावेज़ CET के लिए तैयार रखने की अपील की थी। अब जैसे ही भर्ती का विज्ञापन जारी होगा, उसी दिन पोर्टल भी सक्रिय कर दिया जाएगा। विज्ञापन में भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी नियम और शर्तें स्पष्ट रूप से शामिल होंगी।

सीएम नायब सिंह सैनी के कार्यकाल में भर्ती का आंकड़ा छूएगा 43 हजार

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अब तक करीब 36,000 पदों पर भर्ती पूरी हो चुकी है। ग्रुप D की इस प्रस्तावित भर्ती के साथ यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 43,000 तक पहुंच जाएगा।

CET परीक्षा शेड्यूल जल्द, जून के अंत में हो सकती है परीक्षा

CET को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सभी जिलों के डीसी और एसपी के साथ एक अहम बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में सीआईडी द्वारा तैयार की गई रिपोर्टों के आधार पर परीक्षा केंद्रों की पुष्टि की जाएगी। सूत्रों की मानें तो CET का शेड्यूल इसी सप्ताह जारी किया जा सकता है, और परीक्षा जून के अंत में संभावित है।

ग्रुप-C और D की CET परीक्षा की संभावित तिथियां

  • ग्रुप-C की परीक्षा: जून के अंतिम सप्ताह में हो सकती है।
  • ग्रुप-D की परीक्षा: जुलाई के पहले सप्ताह में आयोजित की जा सकती है।

सरकार की ओर से पोर्टल का अंतिम परीक्षण चल रहा है, और सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। परीक्षा की तारीखों के साथ-साथ विज्ञापन और आवेदन प्रक्रिया पर जल्द ही अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here