हिसार | हरियाणा के हांसी में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की बढ़ती संख्या प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। शनिवार को शहर थाना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए तोशाम रोड स्थित कोहिनूर ईंट भट्ठे से 26 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। इनमें 8 पुरुष, 5 महिलाएं और 13 बच्चे शामिल हैं।
सभी को सदर थाना हांसी लाकर पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। इससे पहले, बीते रविवार को भी हांसी से 39 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया था, जिन्हें कागजी प्रक्रिया के बाद बीएसएफ के हवाले किया गया था।
ईंट भट्ठों पर निगरानी तेज
पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब हांसी के विभिन्न ईंट भट्ठों की जांच में जुटी हैं, क्योंकि आशंका है कि इन स्थानों को अवैध रूप से विदेशियों को मजदूरी पर रखने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि सभी पकड़े गए लोगों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई के बाद इन्हें भी बीएसएफ के हवाले किया जाएगा।
क्या हांसी बनता जा रहा है अवैध घुसपैठ का केंद्र?
लगातार हो रही ऐसी गिरफ्तारियों ने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं: क्या हांसी और इसके आसपास का इलाका अवैध प्रवासियों का नया ठिकाना बनता जा रहा है? क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है जो इन नागरिकों को भारत में घुसने और यहां बसने में मदद कर रहा है?
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। सूत्रों के अनुसार, कुछ और ठिकानों पर भी छापेमारी की जा सकती है। प्रशासन को उम्मीद है कि जांच के बाद इस नेटवर्क का बड़ा खुलासा जल्द ही हो सकता है।







