Home Haryana हरियाणा के मंत्री अनिल विज का आरोप : पंजाब सरकार छीने हरियाणा...

हरियाणा के मंत्री अनिल विज का आरोप : पंजाब सरकार छीने हरियाणा का हक, पानी विवाद को लेकर साधा निशाना

119
0

चंडीगढ़ | हरियाणा के ऊर्जा एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत के विपरीत कार्य कर रही है। विज ने कहा कि पंजाब की संस्कृति तो लोगों को छबीलें लगाकर पानी पिलाने की रही है, लेकिन मौजूदा सरकार हरियाणा का हक छीन रही है।

विज ने कहा, “यह पानी पंजाब का उत्पन्न किया गया नहीं है, यह हिमाचल प्रदेश से आ रहा है और पूरे देश का साझा संसाधन है। हरियाणा का इसमें भी बराबर का हिस्सा है। हम केवल अपना 8500 क्यूसेक पानी मांग रहे हैं।”

पंजाब सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं की अवहेलना का आरोप

अनिल विज ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर संविधानिक संस्थाओं की अवहेलना का आरोप लगाते हुए कहा कि वह न तो अदालतों, न ही केंद्रीय एजेंसियों की बात मानते हैं। उन्होंने कहा, “जब सचिवों की बैठक में हरियाणा को पानी देने की बात हुई, तब भी उसे नजरअंदाज किया गया।”

वर्तमान हालात पर चिंता, पाकिस्तान के साथ तनाव की ओर किया इशारा

विज ने मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि जब देश को एकजुट रहने की ज़रूरत है, तब सीमावर्ती राज्य पंजाब सरकार टकराव का माहौल बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पानी की निगरानी के लिए पुलिस को लगाया गया और अब आप पार्टी कार्यकर्ताओं को तैनात किया जा रहा है।

दिल्ली चुनाव परिणाम के बाद पानी पर सख्ती?

अनिल विज ने सवाल उठाया कि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार थी, तब पानी की आपूर्ति बंद क्यों नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में हार के बाद पंजाब सरकार हरियाणा से बदला ले रही है।

1971 युद्ध और इंदिरा गांधी पर टिप्पणी

विज ने 1971 के युद्ध और भारत की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि “हमारी सेना ने जो ज़मीन जीती, उसे इंदिरा गांधी ने कूटनीतिक स्तर पर गंवा दिया। यदि उस समय पाकिस्तान से पीओके की शर्त रखी जाती, तो वो हमें मिल सकता था।”

उन्होंने यह भी दोहराया कि जम्मू-कश्मीर के राजा हरि सिंह द्वारा हस्ताक्षरित विलय पत्र में पीओके भी शामिल था और वह क्षेत्र भारत का अभिन्न हिस्सा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here