अंबाला | पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए उन्हें तबाह कर दिया। इस कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी शुरू कर दी।
इस गोलीबारी में हरियाणा के पलवल जिले के मोहम्मदपुर गांव निवासी 5 FD रेजीमेंट के लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा शहीद हो गए। देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले दिनेश की शहादत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
शहीद के दोस्त प्रदीप ने बताया कि 6 मई की रात करीब 10:30 बजे आखिरी बार दिनेश से बात हुई थी। दिनेश ने बताया था कि वह एक मिशन पर जा रहे हैं और बाद में बात करेंगे। अगली सुबह करीब 4 बजे दिनेश का फोन आया, लेकिन प्रदीप कॉल रिसीव नहीं कर पाए। जब उन्होंने कॉल बैक किया तो सिर्फ “हेलो” सुनाई दिया और फोन कट गया।
सुबह 7 बजे फिर कॉल करने पर किसी ने बताया कि दिनेश की गर्दन में चोट लगी है और इलाज चल रहा है। इसके कुछ देर बाद ही उनके शहीद होने की दुखद खबर मिली।
पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का खामियाजा आम नागरिकों को भी भुगतना पड़ा। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में गोलाबारी में चार मासूम बच्चों की जान भी चली गई।







