नूंह | नूंह जिले के नगीना थाना क्षेत्र के मांड़ीखेड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। खेत में सिंचाई के लिए कुएं की सफाई कर रहे मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आ गए। दम घुटने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव का किसान रसीद खेत में बोरिंग की खराबी देखने गया था। जांच के लिए उसका साथी मोनिस कुएं में उतरा, लेकिन तुरंत ही बेहोश हो गया। मोनिस को बचाने के लिए रसीद (40 वर्ष), समीर (20 वर्ष) और शौकीन ने कुएं में प्रवेश किया। लेकिन अंदर जहरीली गैस के कारण रसीद और समीर की भी दम घुटने से मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। राहत टीम ने ऑक्सीजन मास्क के सहारे शवों को बाहर निकाला। मृतकों में दो नूंह जिले के और एक उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अल-आफिया अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।







