हरियाणा | भारत-पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच हरियाणा में सुरक्षा के मद्देनज़र रेलवे और रोडवेज ने एहतियातन बड़ा कदम उठाया है। अब जम्मू और अमृतसर जाने वाली सभी ट्रेनों को अंबाला से पहले के स्टेशनों पर ही रोका जा रहा है।
इसके साथ ही हरियाणा रोडवेज ने भी अमृतसर, पठानकोट और कटरा जैसी सीमावर्ती जगहों के लिए बस सेवा अगले आदेशों तक बंद कर दी है। रोडवेज विभाग ने राज्य सरकार के निर्देश पर यह कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक, पहले से गई बसों को भी वापस बुला लिया गया है।
कैथल से पठानकोट, अमृतसर और कटरा के लिए चलने वाली एक-एक बस फिलहाल बंद कर दी गई है। यह फैसला सुरक्षा और सावधानी के दृष्टिकोण से लिया गया है, जब तक नया आदेश नहीं आता, तब तक इन मार्गों पर कोई बस नहीं चलाई जाएगी।
बता दें कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सेना ने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था, जिसके बाद बौखलाए पाकिस्तान ने बॉर्डर इलाकों में गोलीबारी शुरू कर दी। इसके चलते भारत ने एहतियातन कई ज़रूरी कदम उठाए हैं।







