जुलाना | किलाजफरगढ़ गांव में रोडवेज बस चालक और कंडक्टर पर एक युवक के अपहरण, मारपीट और मोबाइल छीनने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित युवक सुमित ने इस संबंध में जुलाना थाने में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुमित के अनुसार, सोमवार दोपहर वह गांव के नजदीक एनएच-352 पार कर जलघर में पानी पीने गया था। इसी दौरान जुलाना की ओर से आ रही एक रोडवेज बस रुकी और बस कंडक्टर ने उसे जबरन खींचकर बस में बैठा लिया। इसके बाद चालक और परिचालक उसे रोहतक बस स्टैंड ले गए, जहां उसके साथ लोहे की पाइप से कथित रूप से मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
सुमित ने आरोप लगाया कि बाद में दोनों ने डायल 112 पर कॉल कर उसे पुलिस को सौंप दिया। उसे कुछ समय के लिए पुलिस चौकी में बैठाए रखा गया, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। सुमित का कहना है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई है।
गौरतलब है कि किलाजफरगढ़ गांव के ग्रामीण पहले भी एनएच-352 पर बसों के फ्लाईओवर के नीचे से संचालन को लेकर जींद और रोहतक रोडवेज के जीएम सहित मुख्यमंत्री विंडो पर शिकायतें दर्ज करवा चुके हैं। बावजूद इसके, बसें फ्लाईओवर के ऊपर से ही चलाई जा रही हैं। अब इस ताजा घटना के बाद ग्रामीणों ने जुलाना थाने में पहुंचकर बस चालक और परिचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।







