Home Haryana गुरुग्राम में स्वच्छता को लेकर मंथन: डोर-टू-डोर कचरा योजना दिसंबर से लागू

गुरुग्राम में स्वच्छता को लेकर मंथन: डोर-टू-डोर कचरा योजना दिसंबर से लागू

100
0

गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम में बुधवार को सफाई व्यवस्था को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निगमायुक्त प्रदीप दहिया समेत निगम के वरिष्ठ अधिकारी और पार्षद शामिल हुए। बैठक का फोकस शहर की सफाई, कचरा प्रबंधन और सीवरेज से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान पर रहा।

बैठक में निगमायुक्त ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण योजना को राज्य सरकार से मंजूरी मिल चुकी है, और इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लक्ष्य है कि यह योजना दिसंबर से पहले लागू हो जाए। फिलहाल निगम के चारों जोनों में अलग-अलग एजेंसियों को जिम्मेदारी दी गई है और कचरा वाहनों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।

इसके साथ ही राजेंद्र पार्क और आसपास के इलाकों की सीवरेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए सराय अलावर्दी से जहाजगढ़ एसटीपी तक नई सीवरेज लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है, जिसे तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगम ने सफाई व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए रोड स्वीपिंग मशीनों की निगरानी प्रणाली को ऑनलाइन किया है, जिससे अब आम जनता भी इन मशीनों की गतिविधियों को देख सकेगी।

बैठक में यह भी तय हुआ कि हर पार्षद अपने वार्ड में सप्ताह में एक दिन विशेष स्वच्छता अभियान चलाएंगे, ताकि नागरिकों में जागरूकता और सहभागिता बढ़े।

मेयर मल्होत्रा ने कहा, “स्वच्छता हमारी प्राथमिकता है। डोर-टू-डोर कचरा उठान को समयबद्ध और प्रभावी बनाना ज़रूरी है।” वहीं, निगमायुक्त दहिया ने आश्वस्त किया कि सभी योजनाएं तय समय में पूरी होंगी और जनता को साफ-सुथरा माहौल मिलेगा। इस मौके पर अतिरिक्त निगमायुक्त, संयुक्त आयुक्त, चीफ इंजीनियर और कई पार्षद भी उपस्थित रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here