हिसार | पंजाब से नहरों में कम पानी छोड़े जाने के चलते हरियाणा में जल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। कई शहरों के जलघरों में कुछ ही दिनों की सप्लाई का पानी बचा है। सरकार और प्रशासन आमजन से पानी की बचत की अपील कर रहे हैं, लेकिन इसी बीच हिसार में लापरवाही की चौंकाने वाली घटना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, हिसार शहर को 75% पानी की आपूर्ति करने वाले स्काडा जलघर में सोमवार रात ड्यूटी पर तैनात सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान शराब पार्टी की। नशे में धुत कर्मचारियों ने पानी सप्लाई की मोटर को चालू किया और उसे बंद करना भूल गए। परिणामस्वरूप जलघर में ओवरफ्लो हुआ और लाखों लीटर पानी सड़कों पर बह गया।
पानी बहते-बहते मेला ग्राउंड से लेकर हिसार एयरपोर्ट के पास तक पहुंच गया। मंगलवार सुबह जब स्थानीय लोग सैर पर निकले तो उन्होंने सड़क पर बहता पानी देखा। जलघर के अंदर जाकर उन्होंने मेज पर शराब और बीयर की बोतलें, खाने-पीने का सामान और बिखरी अव्यवस्था देखी। मौके पर कोई कर्मचारी नहीं मिला।
घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी गई। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और लोगों में प्रशासन की लापरवाही को लेकर रोष है।







