अंबाला , अंकुर कपूर | विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर हरियाणा सरकार की ओर से चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित करना और बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. नीनू गांधी ने बताया कि राज्य सरकार हेपेटाइटिस की रोकथाम और नियंत्रण के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चला रही है। इसके तहत लोगों को बीमारी के कारण, लक्षण, संक्रमण से बचाव के उपाय और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हेपेटाइटिस एक गंभीर बीमारी है, लेकिन यदि इसकी समय पर पहचान हो जाए और उचित इलाज शुरू किया जाए तो इसे प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, सुरक्षित जीवनशैली अपनाएं और किसी भी संदिग्ध लक्षण के दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
डॉ. गांधी ने कहा कि जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। समय पर जांच और उपचार न केवल मरीज के स्वास्थ्य की रक्षा करता है, बल्कि संक्रमण के प्रसार को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में आए मरीजों और आम नागरिकों को हेपेटाइटिस से बचाव, टीकाकरण, संक्रमण के कारणों और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी लक्षण को नजरअंदाज न करें।







