रोहतक । शहर के गोहाना अड्डा क्षेत्र स्थित पाड़ा मोहल्ला निवासी युवक अंश 1 मई को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो ओल्ड सब्जी मंडी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस उसी आधार पर मामले की जांच कर रही थी।
नहर में मिला शव, पहचान की पुष्टि
शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि मायना गांव के पास जेएलएन कैनाल में एक युवक का शव तैरता दिखाई दिया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया। गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान करने के लिए परिजनों को मौके पर बुलाया गया। अंश के पिता रॉकी ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।
पिता का दावा— PUBG बना मौत की वजह
हालांकि अंश के पिता रॉकी ने कैमरे के सामने कोई बयान नहीं दिया, लेकिन निजी रूप से उन्होंने बताया कि उन्हें शक है कि उनके बेटे की मौत की वजह मोबाइल गेम PUBG है। उन्होंने कहा कि अंश इस गेम का आदी हो गया था, जो मानसिक तनाव की ओर ले गया।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा।







