हिसार | गर्मी के मौसम के साथ-साथ हिसार में आवारा कुत्तों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर और आसपास के इलाकों में कुत्तों के हमलों के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। मंगलवार को 17 लोग कुत्तों के हमले का शिकार हुए और सिविल अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे। इनमें ढाई साल का मासूम आयुष भी शामिल है, जिसे गंभीर रूप से घायल होने पर पैर में 10 टांके लगाने पड़े।
मासूम आयुष पर हमला, ऑपरेशन की नौबत
जिंदल फैक्ट्री के पास स्थित एक गली में ढाई वर्षीय आयुष अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी एक आवारा कुत्ता अचानक आया और उसके पैर पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर घरवाले और पड़ोसी मदद को दौड़े, लेकिन तब तक कुत्ते ने आयुष को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। गहरे घाव के चलते डॉक्टरों को 10 टांके लगाने पड़े।
रोजाना सामने आ रहे 8-9 केस
सिविल अस्पताल के अनुसार, हर दिन 8 से 9 लोग कुत्तों के काटने के मामलों में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। हाल ही में एक आठ साल की बच्ची को गर्दन पर कुत्ते ने काट लिया, जिसका माइनर ऑपरेशन करना पड़ा।
एक दिन में 17 लोग पहुंचे अस्पताल
मंगलवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों से कुल 17 लोग कुत्तों के काटने से घायल होकर अस्पताल पहुंचे। इनमें शामिल हैं:
- तीन वर्षीय वंश (सेक्टर 14)
- चार वर्षीय सोहम (मुलतानी चौक)
- छह वर्षीय आशी (मॉडल टाउन)
- 12 वर्षीय राधिका व 13 वर्षीय राहुल (धान्सू गांव)
- 14 वर्षीय सुमन (सेक्टर 14)
- 14 वर्षीय दामिनी (ऋषि नगर)
- 14 वर्षीय श्योकंद (उत्तम नगर)
- 10 वर्षीय विरेन (कौशिक नगर)
- 21 वर्षीय आदर्श (लुदास गांव)
- 28 वर्षीय राकेश कुमार
- 44 वर्षीय भोलाराम (शिव कॉलोनी)
- 48 वर्षीय रिया रानी (शांति नगर)
- सुरेश और छत्तरपाल (कृष्णा नगर)
प्रशासन से समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम और प्रशासन को जल्द सख्त कदम उठाने होंगे, वरना हालात और बिगड़ सकते हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक कोई भी सुरक्षित नहीं है।







