पानीपत | जिले के गांव पल्हेड़ी में दो महिलाओं पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले का आरोप गांव के दो युवकों पर है, जिनमें से एक ने खुद को हरियाणा पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बताते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित महिलाओं ने सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को शिकायत सौंप दी, जिसके आधार पर दो नामजद युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
रास्ता रोककर की गाली-गलौज, फिर हमला
पीड़िता रीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव की रहने वाली है और 29 अप्रैल को अपनी परिचिता पूजा के साथ किसी कार्य से बाहर जा रही थी। रास्ते में गांव के ही चंदन और मोहित ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए कहा कि तुमने हमारा जीना हराम कर दिया है। इसके बाद दोनों आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडे निकालकर हमला कर दिया।
बीच-बचाव में एक और घायल
रीना ने बताया कि हमला देखकर संदीप नामक युवक बीच-बचाव के लिए आया, लेकिन वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने धमकी दी कि अगली बार जान से मार देंगे।
आरोपी खुद को बताता है पुलिस अधिकारी
रीना ने आरोप लगाया कि चंदन खुद को हरियाणा पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बताकर लोगों पर दबाव बनाता है। उसके खिलाफ पहले भी गांव के कई लोगों ने लड़ाई-झगड़े की शिकायतें दर्ज करवाई हैं, लेकिन वह दबाव डालकर समझौता करवा लेता है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।







