चंडीगढ़ | इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा हरियाणा को भाखड़ा डैम से 4,000 क्यूसेक से अधिक पानी न देने की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे “गीदड़ भभकी” करार देते हुए सवाल उठाया कि हरियाणा की भाजपा सरकार चुप क्यों बैठी है, जबकि प्रदेश के हितों पर खुलकर चोट की जा रही है।
‘हरियाणा के साथ बार-बार हो रहा है विश्वासघात’
चौटाला ने कहा कि हरियाणा को एसवाईएल नहर के माध्यम से पानी मिलना चाहिए था, जैसा कि सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था, लेकिन आज तक उसे न्याय नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस मुद्दे पर सहयोग देने के बजाय इनेलो को कमजोर करने के लिए साजिशें रचीं और पार्टी को तोड़ने का काम किया।
किसानों को बनाया जा रहा है निशाना
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार जानबूझकर हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और कैथल जिलों के किसानों को सिंचाई के लिए जरूरी पानी से वंचित कर रही है, जिससे क्षेत्र में जल संकट गहराता जा रहा है। “यह हरियाणा के किसानों को कमजोर करने की एक साजिश है,” उन्होंने कहा।
‘अगर पानी नहीं मिला तो रास्ते बंद होंगे’
अभय चौटाला ने चेतावनी दी कि अगर पंजाब हरियाणा को उसके हिस्से का पानी नहीं देता, तो प्रदेशवासी मजबूर होकर पंजाब से हरियाणा होकर गुजरने वाले सभी मार्गों को बंद करेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल धमकी नहीं है, बल्कि हरियाणा के अधिकारों की रक्षा के लिए बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना
चौटाला ने भाजपा, कांग्रेस और पंजाब की सरकारों पर एक साथ हमला बोलते हुए कहा कि सभी दलों की निष्क्रियता और चुप्पी से हरियाणा को नुकसान हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मामले का तत्काल संज्ञान लेगी और हरियाणा की भाजपा सरकार कठोर कार्रवाई करेगी।
‘हरियाणा देवीलाल की धरती है, अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा’
अभय चौटाला ने दोहराया कि इनेलो पार्टी हरियाणा के किसानों के साथ खड़ी है और किसी भी कीमत पर प्रदेश के साथ अन्याय नहीं होने देगी। “बहुत सह लिया, अब और नहीं सहेंगे,” उन्होंने कहा।







