गुरुग्राम | श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही गुरुग्राम से खाटू श्याम धाम और सालासर तक हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इस सेवा के सफल क्रियान्वयन के बाद सरकार गुरुग्राम से चंडीगढ़ और हिसार तक भी हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा शुरू करने की योजना पर काम कर रही है।
वर्तमान में गुरुग्राम से चंडीगढ़ तक की यात्रा में छह घंटे से अधिक का समय लगता है, वहीं हिसार पहुंचने में भी चार से पांच घंटे का समय लग जाता है। हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने के बाद यह सफर महज एक से डेढ़ घंटे में पूरा किया जा सकेगा, जिससे यात्रियों को समय और सुविधा दोनों का लाभ मिलेगा।
इस परियोजना को लेकर हाल ही में हरियाणा और राजस्थान सरकारों के बीच हुई बैठक में आपसी सहयोग पर सहमति बनी है। इस वर्ष जनवरी में हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर इस रूट की संभावनाओं पर प्रस्तुति देखी थी।
रविवार को विपुल गोयल ने राजस्थान के नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम कुमार से मुलाकात कर गुरुग्राम से सालासर और खाटू श्याम धाम के बीच प्रस्तावित हेलीकॉप्टर सेवा को लेकर व्यापक चर्चा की। बैठक में तकनीकी, वित्तीय और व्यावसायिक पहलुओं पर विचार किया गया। इसके अलावा, मंत्री ने गुरुग्राम-चंडीगढ़ और हिसार-चंडीगढ़ मार्गों के लिए स्टडी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।







