बहादुरगढ़। सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के पटेल नगर रोड पर मंगलवार सुबह करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की ईंट-पत्थर से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका है। शव सेक्टर-6 के गेट नंबर-4 के पास पड़ा मिला। सुबह करीब 7:50 बजे राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के सिर और चेहरे पर ईंट-पत्थर से कई बार वार किए गए थे। उसके शरीर पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने युवक पर बेरहमी से हमला करने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस को शव के पास नमकीन और कोल्ड ड्रिंक समेत कुछ अन्य सामान भी मिला है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। वारदात की परिस्थितियों और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाके की भी जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि युवक के साथ आखिरी बार कौन लोग देखे गए और वारदात से जुड़े संदिग्धों के बारे में जानकारी मिल सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हत्या के पीछे आपसी रंजिश, विवाद या कोई अन्य कारण था, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण तथा वारदात में शामिल आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







