फरीदाबाद | हरियाणा में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में फरीदाबाद के सेक्टर-62 के नजदीक देर रात क्राइम ब्रांच-75 की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
हथियारों से लैस होकर आए थे बदमाश
जानकारी के मुताबिक, लगभग रात 2 बजे तीन बदमाश हथियारों से लैस होकर किसी पवन जाट पर हमला करने के इरादे से पहुंचे थे। जैसे ही क्राइम ब्रांच सेक्टर-75 की टीम को इसकी सूचना मिली, वह मौके पर पहुंची। वहां बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीनों बदमाशों को पैर में गोली लगी।
बल्लभगढ़ निवासी हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बदमाशों की पहचान जोगिंदर उर्फ शूटर, सुनील उर्फ सीटू और गोलू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बल्लभगढ़ क्षेत्र के रहने वाले हैं। गनीमत रही कि इस मुठभेड़ में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं बदमाश
बताया जा रहा है कि ये तीनों आरोपी पहले भी कई लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पलवल जिले के मुंडकटी थाना क्षेत्र में दर्ज एक एफआईआर में इनके नाम सामने आए थे। साथ ही एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ये आरोपी दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर एक कार लूटने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।
क्राइम ब्रांच को इनकी लंबे समय से तलाश थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि लूटपाट समेत अन्य आपराधिक घटनाओं का पर्दाफाश किया जा सके।







