सिरसा | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सफाई कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनके वेतन में ₹2100 की वृद्धि की घोषणा की है। यह ऐलान उन्होंने संत कबीर दास जयंती पर सिरसा में आयोजित समारोह के दौरान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने संकल्प पत्र में किए गए हर वादे को निभाएगी। सफाई कर्मियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनके वेतन में यह बढ़ोतरी की गई है, जिससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान सीएम सैनी ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि सिरसा में बन रहे सरसाई नाथ मेडिकल कॉलेज परिसर में 100 बेड का आधुनिक नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किया जाएगा। वहीं, डबवाली स्थित वर्तमान नशा मुक्ति केंद्र की क्षमता 10 से बढ़ाकर 30 बेड की जाएगी। इसके अलावा ऐलनाबाद के सरकारी अस्पताल के पास एक नया नशा मुक्ति केंद्र भी खोला जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सरकार 31 लाख रुपये खर्च करेगी, जिससे क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।







