चंडीगढ़ | हरियाणा में कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, CET 2025 की संभावित तिथि लगभग तय कर ली गई है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा को लेकर हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) के बीच लगातार बैठकें हो रही हैं। इन बैठकों में यह तय किया गया है कि CET परीक्षा मई 2025 के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जाएगी।
संभावना जताई जा रही है कि परीक्षा 28 या 30 मई को हो सकती है। ऐसा अनुमान इसलिए लगाया जा रहा है क्योंकि मई के अंत तक प्रदेश के अधिकांश स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां आरंभ हो जाएंगी, जिससे परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था सरल हो जाएगी।
31 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना
इस बार ग्रुप C और D पदों के लिए आयोजित होने वाली CET परीक्षा में लगभग 31 लाख उम्मीदवारों के भाग लेने की उम्मीद है, जिससे यह राज्य की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक बन सकती है।
नकल पर लगेगी लगाम, AI और CCTV की होगी निगरानी
परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सैनी सरकार इस बार कड़े सुरक्षा इंतज़ाम करने जा रही है। नकल रोकने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लिया जाएगा और प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर CCTV कैमरे से निगरानी रखी जाएगी।







