Home Haryana हरियाणा में बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 17 जिलों में आंधी और बिजली...

हरियाणा में बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 17 जिलों में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

15
0

हिसार । प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीती रात हिसार, गुरुग्राम, नारनौल और भिवानी समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज राज्य के 17 जिलों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है और कल भी मौसम के खराब बने रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, नारनौल, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और कैथल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि कटाई के बाद फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और सब्जियों व फलदार पौधों को ओलावृष्टि से बचाने के लिए उचित कवर का उपयोग करें, ताकि नुकसान से बचा जा सके।

तापमान की बात करें तो प्रदेश में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि यह अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। कई जिलों में दिन का तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है। बादलों की मौजूदगी और बारिश की संभावना के चलते तापमान में अधिक वृद्धि नहीं हो पा रही है।

वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट देखने को मिली है और यह सामान्य से नीचे बना हुआ है। रात के समय तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह के बदलते मौसम के बने रहने की संभावना जताई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here