Sonipat, 22 April – सोनीपत में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहाँ एक महिला ने खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताकर महिला थाने में दबाव बनाने की कोशिश की। भिवानी की रहने वाली प्रियंका नामक यह महिला नकली वर्दी पहनकर सोनीपत के महिला थाना पहुंची, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसका भंडाफोड़ हो गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रियंका वर्तमान में सोनीपत के कथुरा गांव में रह रही है। उसका अपने पति से विवाद चल रहा है, और इसी मामले में वह सुदेश नाम की दूसरी महिला के साथ थाने पहुंची थी, जो खुद भी पारिवारिक विवाद में फंसी है। प्रियंका ने खुद को रोहतक महिला थाना की इंस्पेक्टर बताकर पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ने की कोशिश की।
महिला पुलिसकर्मियों को जब प्रियंका की बातों पर शक हुआ तो उन्होंने उससे विस्तार से पूछताछ की, जिसमें वह बार-बार अपनी पोस्टिंग और थाना बदलती रही। शक गहराने पर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो प्रियंका ने कबूल कर लिया कि वह पुलिसकर्मी नहीं है। इसके बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
सिटी थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रियंका ने पहले भी इस तरह की हरकतें कहीं और तो नहीं की हैं, या किसी गिरोह से जुड़ी हुई है।







