Gurugram, 22 April: साइबर सिटी गुरुग्राम के गाडौली खुर्द गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर को उनके ही भतीजे ने घर में घुसकर बेरहमी से पीटा। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पीड़ित रिटायर्ड अफसर ने बताया कि 30 जनवरी 2025 की रात उनके भतीजे द्वारा खेत और घर के पास कबाड़ और प्लास्टिक जलाने पर आपत्ति जताने के बाद विवाद शुरू हुआ। जब उन्होंने इसका वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आया। इसके बाद उसने लात-घूंसों और लाठियों से पीड़ित और उनकी पत्नी मूर्ति देवी के साथ बर्बरता से मारपीट की।गंभीर रूप से घायल दंपति को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। आरोप है कि आरोपी पहले भी कई बार मारपीट कर चुका है और उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। मामले को लेकर दीवानी मुकदमा भी कोर्ट में लंबित है।पीड़ित ने ढाई महीने तक पुलिस थाने और अधिकारियों के चक्कर काटे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः उन्होंने सीएम विंडो पर शिकायत की, जिसके बाद सेक्टर 10 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुलेआम धमकी दे रहा है और दावा करता है कि उसकी ऊंची पहुंच के चलते पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। पीड़ित ने आरोपियों की गिरफ्तारी और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी।







