Kurukshetra,22 April-रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया (आठवले) के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट रवि सोनू कुंडली ने आज सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आगामी 25 अप्रैल को आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
प्रदेशाध्यक्ष सोनू कुंडली ने समाज के सभी वर्गों से समारोह में शामिल होने की अपील की। उन्होंने अग्रवाल समाज के युवा नेता राकेश गोयल को भी व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण देकर उन्हें कार्यक्रम में आने का आग्रह किया।उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से जोर-शोर से जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है और विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, व्यापारी और कर्मचारी वर्गों को निमंत्रण दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बाबा साहब के विचारों और उनके सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया के प्रदेश मीडिया प्रभारी अश्विनी कुमार वालिया ने बताया कि यह पार्टी डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा स्थापित की गई थी और इसका मुख्य उद्देश्य वंचितों, दलितों एवं पिछड़े वर्गों को समाज की मुख्यधारा में लाना है।इस अवसर पर भाजपा के स्थानीय नेताओं के साथ-साथ पूर्व मंत्री सुभाष सुधा और सांसद नवीन जिंदल के भी समारोह में शामिल होने की संभावना जताई गई है।







